बरेली। औद्योगिक क्षेत्र में आंधी-बारिश के बाद बुधवार से जारी बिजली संकट का असर तीसरे दिन भी बरकरार रहा। परसाखेड़ा (यूपीसीडा), भोजीपुरा (राजकीय) फरीदपुर (निजी), सीबीगंज (नगर निगम अधीन) औद्योगिक क्षेत्र में अधूरी बिजली आपूर्ति हुई। उद्यमियों ने चैट साझा कर समस्या जाहिर की है। परसाखेड़ा के उद्यमियों के एक ग्रुप में एक उद्यमी ने कहा कि रोड नंबर तीन की स्थिति खराब है। यहां कोई लाइनमैन काम करने को राजी नहीं। कह रहे हैं कि सर्विस के लिए पोल पर नहीं चढ़ेंगे। सिर्फ 11 हजार लाइन का ही काम करेंगे।
वहीं, एक उद्यमी ने कहा कि रोड नंबर दो की लाइट भी दोपहर तक ठीक नहीं हुई। वहीं, कुछ उद्यमियों ने बताया कि आंधी-बारिश से गिरे पेड़ उन्होंने खुद हटवाए हैं। सिर्फ लाइन जुड़ जाए तो आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। हालांकि, शाम तक ज्यादातर फैक्टरियों में आपूर्ति न होने से उद्यमी आक्रोशित भी रहे।
सर्विस सेक्टर कारोबारी मनी सिंह के मुताबिक तीसरे दिन सुबह बिजली आई पर ट्रिपिंग से उद्योग जूझे। दो दिन से आपूर्ति ठप होने की वजह से कई उद्योगों ने महज एक-दो शिफ्ट में कार्य किया। इससे उत्पादन प्रभावित रहा। काम कम होने से कुछ ने लेबर व्यवस्था सही होने पर बुलाया।