बरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला के अभिनव अभियान ''''माँ तुझे प्रणाम'''' से शहर के हर वर्ग के लोग जुड़ रहे हैं। इस मुहिम के तहत 13 से 16 अगस्त तक होने वाले आयोजनों को सफल बनाने के लिए चिकित्सकों, उद्यमियों, सामाजिक संगठनों, महिलाओं और युवाओं के साथ ही कर्मचारी संगठनों ने भी तैयारी कर रखी है।
अमर उजाला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित संवाद के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए संकल्प लिया। युवाओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रमों के प्रति लोगों को जागरूक करने की बात कही। उद्यमियों ने कार्यक्रमों में हर संभव सहयोग का संकल्प लिया। कर्मचारी और सामाजिक संगठनों ने भी लोगों को प्रोत्साहित करने की बात कही। संगठन से जुड़े सदस्य तिरंगा यात्रा, वॉक फॉर यूनिटी का विभिन्न स्थानों पर स्वागत भी करेंगे। 15 अगस्त को सुबह दस बजे सामूहिक राष्ट्रगान में भी प्रतिभाग करेंगे।
-स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम से शहरवासी प्रेरित होंगे। इसमें प्रतिभाग करने के लिए सभी उत्साहित हैं। - डॉ. विनोद पागरानी, वरिष्ठ चिकित्सक
माँ तुझे प्रणाम कार्यक्रमों में प्रतिभाग के लिए उत्साहित हूं। संगठन का भी सहयोग रहेगा। सभी एकजुट होकर कार्यक्रमों को उत्साह के साथ मनाएंगे। - रचना सक्सेना, अध्यक्ष, इनरव्हील क्लब बरेली मरकरी
ये रहे मौजूद
आईआईए से धनंजय विक्रम सिंह, ऋषभ दीक्षित, रोटी बैंक से डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, आईएमए से डॉ. सौरभ गोयल, वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. अनूप आर्य, जिला तैराकी संघ के सचिव सुनील कुमार मित्तल, सछास के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा, अभिषेक रॉय, विद्यार्थी परिषद के महानगर सहमंत्री रवि प्रताप सिंह, सबका हक ऑर्गनाइजेशन की अध्यक्ष राफिया शबनम, इनरव्हील क्लब साउथ की सचिव मनीषा मेहरा, सीमा अग्रवाल, इनरव्हील क्लब नॉर्थ से रिचा अग्रवाल, बरेली कॉलेज के कर्मचारी नेता जितेंद्र मिश्रा, बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।