बरेली/देवरनियां/उझानी। जिले के दो कांवड़ियों की दूसरे जिलों में सड़क हादसे में मौत हो गई। इनमें से दो देवरनिया क्षेत्र से डाक कांवड़ यात्रा पर निकले थे।
देवरनियां क्षेत्र के गांव बैकर शाहपुर से डाक कांवड़ लेकर जत्था रविवार सुबह हरिद्वार रवाना हुआ था। वहां से गांव लौटते वक्त बिजनौर जिले में नगीना-धामपुर चौराहे पर बाइक चला रहे गांव निवासी भूपराम के 22 वर्षीय पुत्र त्रिवेंद्र कुमार की बाइक जत्थे में शामिल ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से घुस गई, इससे त्रिवेंद्र की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार सुबह चार बजे हुआ।
दूसरा हादसा बदायूं में कछला से डाक कांवड़ लेने जाते समय देवरनियां के गांव भोपतपुर निवासी रीतराम गंगवार के 21 वर्षीय पुत्र प्रवीन कुमार की बाइक को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे प्रवीन की मौत हो गई। हादसों की सूचना से दोनों गांवों में मातम पसर गया। लोग शोक संवेदना व्यक्त करने गांव पहुंचे। संवाद