बरेली। फरीदपुर औद्योगिक आस्थान मार्ग से आतिशबाजी कारोबारी का माल से भरा वाहन पकड़ने, चालक की पिटाई करने, वैध कागजात होने पर भी वाहन और माल न छोड़ने के विरोध में शनिवार को कैंट स्थित जीएसटी एसआईबी कार्यालय में उद्यमियाें-व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। डेढ़ घंटे तक नोकझोंक होती रही। दस्तावेजाें की जांच के बाद वाहन और माल आदि छोड़ने के आश्वासन पर सभी शांत हुए।
व्यापारियों के मुताबिक बृहस्पतिवार को पटाखा कारोबारी अमरीश अग्रवाल की आतिशबाजी सामग्री से भरी गाड़ी को जीएसटी की टीम ने प्रतिष्ठान से बाहर निकलते ही पकड़ लिया था। कागजात दिखाने पर भी वे नहीं माने और जबरन कार्यालय में लाकर गाड़ी खड़ी कर दी। आरोप है कि चालक को रास्ते में पीट भी दिया। प्रकरण की सूचना मिलने पर बरेली आतिशबाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णदेव आदि ने अफसरों को कॉल की पर रिसीव नहीं हुई। मेसेज का भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इससे आक्रोशित कारोबारियों ने शनिवार सुबह 11 बजे इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन मयूर धीरवानी और अन्य व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बीआई बाजार स्थित जीएसटी एसआईबी कार्यालय पहुंचे। वहां डेढ़ घंटे तक नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि छिटपुट खामियां निकालकर उगाही का खेल चल रहा है। ऐसी मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुछ देर बाद अफसर उठकर कार्यालय में चले गए। इधर, नारेबाजी होती रही।
कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना पर टीम सर्वे करने गई थी। नियमानुसार जांच के बाद वाहन और माल रिलीज किया जा सकता है। व्यापारियों और उद्यमियों से बातचीत के बाद उन्हें जल्द जांच पूरी कर अग्रिम कार्रवाई का आश्वासन दिया है। - अनिरुद्ध सिंह, उपायुक्त, एसआईबी