रेलवे कॉलोनी में बिजली का खंभा गिरा
बरेली। तेज हवा के साथ शुक्रवार रात घंटे भर की ही बारिश ने पूरे शहर की मुसीबत बढ़ा दी। कई इलाकों में पानी भर गया। सिटी स्टेशन रोड पर चार पेड़ गिरे तो यातायात बाधित हो गया। देर रात तक इस रोड पर भीषण जाम लगा रहा। रेलवे कॉलोनी में भी बिजली का खंभा गिर गया। इससे आसपास क्षेत्र की बिजली गुल हो गई।
बारिश से किला रोड पर काफी देर जाम लगा रहा। यहां एक लेन पर सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई चल रही है। लिहाजा दोनों तरफ का यातायात एक ही लेन से गुजारा जा रहा है। जाम से निकलने की आपाधापी में कुछ वाहन दूसरी लेन पर चले गए और बारिश से हुए दलदल में फंस गए। बारिश थमने के बाद इन्हें धक्का लगाकर और दूसरे वाहनों से खिंचवाकर निकला गया। बारिश से हजियापुर, बांस मंडी, सिकलापुर, पुराना शहर समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि बारिश से शहर के कुछ निचले हिस्सों में जलभराव हुआ था, लेकिन बारिश थमने के बाद पानी निकल गया।
अगले तीन दिन बारिश के आसार
अचानक निमभन वायुदाब से बना बारिश माहौल, पांच मिमी हुई बारिश
बरेली। पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को शुक्रवार देर रात हुई बारिश ने राहत दिलाई। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक देर शाम अचानक पहाड़ों के बादलों ने तेजी से शहर में प्रवेश किया। इसके असर से बारिश के अनुकूल माहौल बना। उन्होंने अगले तीन दिन तक बारिश होने की उम्मीद जताई है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक उच्च वायुदाब होने से पहाड़ों के बादल शहर में प्रवेश नहीं कर पा रहे थे। शुक्रवार दोपहर अचानक निमभन वायुदाब बनना शुरू हुआ था। शाम सात बजे छह से आठ किमी प्रति घंटे के वेग से हवाएं चलीं। रात साढे नौ बजे बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने सारी तपिश दूर कर दी। करीब पांच मिमी बारिश होने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री और न्यूनतम 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी 82 फीसदी रही। ब्यूरो