सिरौली। मुख्य अड्डे से बलपूर्वक अतिक्रमण हटवाती पुलिस
सिरौली। पुलिस ने सोमवार को यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए मुख्य अड्डे पर अतिक्रमणमुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर कब्जा करने वालों में खलबली रही। कार्रवाई के दौरान रेहड़ी वाले व टेंपो चालक इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
मुरादाबाद-बरेली आंवला मार्गों पर अंधाधुंध व्यापारियों ने अतिक्रमण कर सड़क को इस कदर संकरा कर रखा था कि आए दिन यहां जाम लगता था। कई बार हादसों का होना आम बात था। नगर में अतिक्रमण कर सड़कों को संकरा करने की तमाम शिकायतें आए दिन मिल रही थीं। इसको लेकर कोतवाल लव सिरोही ने भारी पुलिस बल के साथ सोमवार शाम आंवला से मुरादाबाद अड्डे तक पड़ने वाले मुख्य मार्ग पहुंचे। यहां सड़कों पर खड़े बेतरतीब ठेले, टेंपो एवं व्यापारियों ने दुकानों के आगे कब्जा कर रखा था। पुलिस ने सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराया और दुकानदारों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से नगर के अन्य व्यापारियों में खलबली रही। इस मौके पर कस्बा इंचार्ज घनश्याम सिंह चौहान व अन्य मौजूद रहे। संवाद