दुनका। प्राथमिक विद्यालय दुनका और जूनियर हाईस्कूल दुनका की जगह पर ग्रामीणों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया है। विद्यालय के पास गंदगी के ढेर लगे होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने एसडीएम और बीएसए बरेली को पत्र लिखकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।
अपने लिखे पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि इस जगह को लेकर जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालय दुनका में मालिकाना हक को लेकर उच्च न्यायालय इलाहाबाद में मुकदमा विचाराधीन है। इसका फायदा उठाते हुए कुछ ग्रामीणों ने स्कूल की जगह पर अतिक्रमण कर लिया है। स्कूल के पास गंदगी के ढेर लगा दिए हैं। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूल की जगह से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। इधर, दुनका जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य एवं प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सहमति पत्र जारी कर विद्यालय के अन्य जगहों से प्रशासन से कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है। संवाद