आंवला। 14 किमी लंबे आंवला-अलीगंज रोड का चौड़ीकरण का कार्य कई महीनों से जारी है, लेकिन कब्जेदारों ने दोनों ओर से अभी तक कब्जा नहीं हटाया है। इसको हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने 40 लोगों को नोटिस भेजा है।
सड़क चौड़ीकरण का कार्य करीब 30 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले 40 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी करके अगले 15 दिनों में स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा है।
विभाग द्वारा जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि इस रोड के 11 किमी. पक्की सड़क के दोनों ओर विभाग की स्थायी भूमि पर अतिक्रमण किया गया है।
अतिक्रमण लाल पेंट से चिह्नित भी किया जा चुका है। इसे हटाने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा कई बार मौखिक रूप से कहा भी जा चुका है, अतिक्रमण नहीं हट सका है।
ऐसे में अतिक्रमण नहीं हटाने पर विभाग की तरफ से बलपूर्वक हटाया जाएगा। संवाद