बरेली। दिवाली के मद्देनजर जिला अस्पताल समेत जिले की सभी सीएचसी पर झुलसे और दुर्घटनाग्रस्त मरीजों के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं। साथ ही, इमरजेंसी मेडिकल टीम भी गठित की गई है, ताकि घायलों और मरीजों के इलाज में कोई परेशानी न आए।
एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक, 10 बेड का बर्न वार्ड भी तैयार है। मेल-फीमेल वार्ड में चार-चार अतिरिक्त बेड हैं। जरूरी दवा, सर्जिकल सामान के लिए इमरजेंसी ट्रे भी बनी है।
उन्होंने बताया कि दिवाली को देखते हुए इमरजेंसी मेडिकल टीम बनाई गई है। इसमें तीन चिकित्सकों की रोटेशन के तहत ड्यूटी लगाई गई है। रोस्टर के तहत डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ भी तैनात रहेंगे। इसी तरह सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने चिकित्सा अधिकारियों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बगैर अनुमति अवकाश लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की हिदायत दी है। ब्यूरो