बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रावासों में शराब की खाली बोतलें और खुले में बिखरे सिगरेट के पैकेट विद्यार्थियों के नशे की चपेट में होने की गवाही दे रहे हैं। इसको लेकर जिम्मेदार सवालों के कठघरे में हैं। यह स्थिति तब है जब हाल ही में संपन्न हुए दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने व्यवस्थाएं सुधारने के लिए चेताया था।
हॉस्टल में प्रवेश से पहले नाममात्र की ही चेकिंग की जाती है। इसके चलते आसानी से शराब व सिगरेट सहित अन्य नशीले पदार्थ लेकर आसानी से परिसर में प्रवेश किया जा सकता है। रविवार को अरावली हॉस्टल से सटे मैदान में शराब की कई खाली बोतलें पड़ी दिखीं। साथ ही झाड़ियों और घास के बीच में बीयर की केन भी दिखाई दीं।
हॉस्टल के कमरों की खिड़कियों के बाहर बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट भी पड़े नजर आते हैं। नीलगिरी हॉस्टल की बिल्डिंग के पास वाले मैदान में भी शराब की खाली बोतलें और सिरगेट के पैकेट पड़े हैं।
सख्ती बढ़ी है, और सुधार करेंगे
इस प्रकरण पर जब विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. विनय वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हॉस्टल में प्रवेश से पहले जांच की जाती है। परिसर में अगर शराब की खाली बोतलें बिखरीं हैं तो इससे सवाल तो उठते हैं। सभी हॉस्टल में अब सुरक्षा और पुख्ता की जाएगी।