बरेली। एसपी विजिलेंस के निर्देश पर संयुक्त टीम ने छापा मारकर मोहल्ला चक महमूद में 35 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी है। छह माह पहले भी इसी स्थान पर 34 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई थी।
मोहल्ला चक महमूद में गुलाम नवी के घर में ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन है। उसके यहां बिजली का कनेक्शन भी है। छह महीने पहले गुलाम नबी के चार्जिंग स्टेशन पर बिजली चोरी पकड़ी गई थी। इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। इसके बाद भी उसने बिजली चोरी बंद नहीं की। इसकी शिकायत मिलने पर एसपी विजिलेंस के निर्देश पर बृहस्पतिवार रात संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। इस दौरान 35 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।
मौके पर 49 ई-रिक्शा चार्ज होते हुए मिले। गुलाम नबी पर 35 लाख का शमन शुल्क लगाया गया है। इससे पहले भी उसके खिलाफ 30 लाख से ज्यादा का शमन शुक्ल लगाया गया था। सीओ विजिलेंस मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चोरी की बिजली से रोज चार्ज कर रहा था 250 से ज्यादा ई-रिक्शा
गुलाम नबी चोरी की बिजली से रोजाना 250 से ज्यादा ई-रिक्शा चार्ज कर रहा था। उसके चार्जिंग स्टेशन में 90 ई-रिक्शा चार्ज करने की व्यवस्था है। विजिलेंस और विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि उसके चार्जिंग स्टेशन में तीन शिफ्ट में ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। वह मीटर से पहले केबल में कट लगाकर बिजली चोरी कर रहा था। मौके की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। संवाद