चार बकायेदारों के घर कुर्की का नोटिस चस्पा
जिला प्रशासन ने बिजली बिल बकाया होने पर चार लोगों के घरों के दरवाजे पर कुल 1.04 करोड़ रुपये की वसूली के लिए कुर्की का नोटिस चस्पा कराया है। इन लोगों के विरुद्ध पूर्व में आरसी जारी हुई थी, लेकिन अदायगी नहीं की है। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि चारों बकायेदारों के विरुद्ध कुर्की का नोटिस उनके घर के दरवाजे पर संग्रह अमीनों ने चस्पा कर दिया है।
ये बकायेदार सुर्खा बानखाना के रहने वाले हैं। इनमें सबसे अधिक 39.62 लाख रुपये का बकाया बरकत रजा खान पर है। अमान रजा खान पर 26.92 लाख, मोनिस खान पर 22.29 लाख और वसीम खान पर 15.39 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि चेकिंग के दौरान सपा पार्षद के घर फर्जी मीटर पकड़ा गया है। वह मेरे पास आए थे और 20 साल पुराना मीटर बताया। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।