बरेली। दीपावली पर बिजली बिल के बड़े बकायेदारों के घर अंधेरा छाने का अंदेशा है। विद्युत निगम ने पांच हजार रुपये से अधिक के बकाये वाले सात हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली है।
विद्युत निगम के अनुसार, शहर में 2.22 लाख उपभोक्ता हैं। शासन की ओर से अक्तूबर में 72 करोड़ रुपये बकाया वसूलने का लक्ष्य दिया गया है। ऐसे में तीन-चार माह से बिल नहीं चुकाने वाले सात हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली गई है। अधिकारियों का तर्क है कि राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब पांच हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों की सूची तैयार कर कार्रवाई की तैयारी की गई है।
अधीक्षण अभियंता शहर ललित कुमार ने बताया कि पांच हजार से अधिक के बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेद करने के आदेश टीमों को दिए गए हैं। इन उपभोक्ताओं पर निगम का करीब सात करोड़ रुपये का बिल बकाया है। इनको पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन बिल का भुगतान नहीं किया गया। अब उपकेंद्रवार टीमें ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर उनके कनेक्शन काटेंगी।