फतेहगंज पूर्वी। विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली एचटी लाइन में इनायतपुर गांव के पास इंसुलेटर के खराब होने से कस्बे सहित 100 से ज्यादा गांवों में 35 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे ग्रामीणों को उमस से परेशानी उठानी पड़ी। मंगलवार पूरे दिन विद्युतकर्मी फॉल्ट तलाशने में जुटे रहे, लेकिन फॉल्ट नहीं तलाश पाए। रात में इनायतपुर गांव के पास एक खंभे पर इंसुलेटर फुंका हुआ मिला। उसे बदलवाकर फॉल्ट ठीक किया गया, तब तक बारिश होने से रम्पुरा गांव के पास एक पेड़ की टहनी टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिर गई। इससे भी लोगों का इंतजार बढ़ गया।
बुधवार सुबह टहनी कटवाकर छह बजे विद्युत आपूर्ति चालू कराई गई, लेकिन विद्युत उपकेंद्र पर लगी मशीनों में दो दिन से लगातार बारिश के चलते नमी आने के कारण बिलपुर फीडर, वंडिया फीडर की आपूर्ति नहीं आ पा रही थी। इसके बाद हीटर और वायलर द्वारा मशीनों को सुखाया गया। तब जाकर शाम चार बजे आपूर्ति बहाल की गई। कस्बावासियों और ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं आने से पानी के टैंक खाली हो गए। इन्वर्टर भी डाउन हो गए। पडेरा विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार रात से पांच केवी के ट्रांसफार्मर में फॉल्ट होने के कारण भी दर्जनों गांवों की आपूर्ति बंद चल रही है। एसडीओ फरीदपुर उमेश कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट हुए थे। ठीक करवाकर विद्युत आपूर्ति शुरू की गई है। संवाद