तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से मिले 1.76 लाख रुपये, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को बीस हजार रुपये घूस लेते हुए विद्युत निगम के लिपिक अजीत को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 1.76 लाख रुपये और मिले। वह इस रकम का कोई हिसाब नहीं दे सका। वह रकम से जुड़ी रसीद आदि भी नहीं दिखा सका, जिस पर एंटी करप्शन की टीम ने इस रकम को भी जब्त कर लिया। कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मीरगंज के गांव गूला निवासी आभाष सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिजली का बिल ठीक करने के बदले अजीत 20 हजार रुपये घूस मांग रहा है। इस पर शनिवार अपराह्न साढ़े तीन बजे एंटी करप्शन टीम मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में बने अधिशासी अभियंता प्रथम मनोज कुमार के दफ्तर पहुंची। वहां लिपिक अजीत कुमार को आभाष सिंह चौहान से 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोतवाली ले गई। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। संवाद