बेहतर सप्लाई सुधार, बिल वितरण, लाइन लॉस कम करने और अन्य बिंदुओं पर सुनवाई करने पहुंची विद्युत व्यवस्था जांच समिति में अफसर ठीक से जवाब तक नहीं दे पाए। बीसलपुर में निर्माण और मीरगंज में सौ से ज्यादा गांवों में सप्लाई नहीं पहुंचने के मामले जवाब देना भारी पड़ गया। विद्युत कार्य मंडल में हो रही गड़बड़ियों आदि पर सभापति ने सप्ताह भर में उत्तर देने को कहा है। बैठक से नदारद विद्युत सुरक्षा और अन्य अफसरों के न पहुंचने पर स्पष्टीकरण तलब किया।
विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में विधान परिषद विद्युत व्यवस्था जांच समिति सदस्यों और सभापति ने विभागीय अफसरों को खूब घेरा। बनारस से आए एमएलसी चेत नारायण सिंह ने बरेली शहर से जुड़े मामले उठाए। एमएलसी जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ ने विद्युत कार्य मंडल में हो रही गड़बड़ियों पर जवाब मांगा। नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने दर्जनों शहरी स्थानों पर ग्रामीण सप्लाई मिलने का मामला उठाया तो विधायक सुल्तान बेग ने तमाम गांव रोशन नहीं होने संबंधी जानकारी दी।
दो घंटे तक चली बैठक में विभागीय अफसर कई बार उलझ गए। बीसलपुर में निर्माणाधीन 132 केवी स्टेशन पर ठेकेदार द्वारा काम नहीं होने पर एसई पारेषण संजय मिश्रा और अधिशासी अभियंता प्रीतम सिंह ने विरोधाभासी जानकारी दी तो सभापति सुनील चित्तौड़ ने सप्ताह भर में स्थिति साफ करने को कहा। रिछा में पिछले दिनों तीन राइस मिलों में चोरी पकड़े जाने का मामला उठा। बताया गया कि पुलिस अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है, इस पर एसपी शहर समीर सौरभ ने बताया कि चोरों पर सख्त कार्रवाई होगी।
लाइन बन गयी बिजली कहां है?
मीरगंज में 380 गांवों में विद्युतीकरण हो गया। लाइनें बन गयीं, ट्रांसफार्मर लग गए, लेकिन घर रौशन नहीं हुए। विधायक सुल्तान बेग ने जब मामला उठाया तो अधिशासी अभियंता ग्रामीण लोकेश जुनेजा भ्रामक जानकारी देने लगे। समिति ने तेवर दिखाए तो एसई ग्रामीण तारिक वारसी ने किसी तरह स्थिति संभाली और बताया कि विद्युत सुरक्षा उप निदेशक कार्यालय ने अभी तक 207 गांवाें की एनओसी नहीं दी है। सभापति चित्तौड़ ने संबंधित अफ सर तलब किए तो पता चला कि आए नहीं, सभापति ने विद्युत सुरक्षा और अन्य नदारद अफसरों के जवाब तलब किए हैं। सदस्य लीलावती कुशवाहा ने लाइन लास कम पर जोर दिया।
फर्जी लाइन और घोटाला गूंजा
विद्युत कार्य मंडल में कागजों पर बन रही लाइनें, ठेकेदारों द्वारा विभागीय सामान गायब करने आदि संबंधी घोटाला समिति बैठक में पहुंचा। सदस्य जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ ने ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित घोटाला संबंधी मामले पर रिपोर्ट मांगी। सभापति चित्तौड़ ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी।
जानकारी दी
मुख्य अभियंता बीके शर्मा ने स्वागत कर विभागीय जानकारी से अवगत कराया। एसई तारिक वारसी, मनोज पाठक, अनूप चंद्रा अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता, नंदलाल, मुनीश चोपड़ा संजीव वैश्य, राकेश सिंह, धर्मेंद्र कुमार, एलबी सिंह आदि वरिष्ठ मौजूद रहे। संचालक पीए माेंगा ने किया। प्रशासन से एसपी समीर सौरभ और सिटी मजिस्ट्रेट उमेश मंगला पहुंचे।