पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के रेल खंडों में इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन का सपना कुछ सालों में पूरा होगा। मंडल के रेल खंड मुरादाबाद-काशीपुर-रामनगर, रामपुर-काठगोदाम, काशीपुर-लालकुआं, और बरेली-लालकुआं के ट्रैक पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें फर्राटा भरेंगी। इस बार रेल बजट में इज्जतनगर मंडल में छह हजार किलोमीटर ट्रैक के विद्युतीकरण का लक्ष्य रखा गया है। मथुरा-कासगंज-कल्यानपुर रेलखंड में 338 किलोमीटर ट्रैक पर विद्युतीकरण का कार्य पहले से ही किया जा रहा है। शुक्रवार को मंडल मुख्यालय पर एडीआरएम (इंफ्रास्ट्रक्चर) आशीष कुमार अग्रवाल, एडीआरएम (परिचालन) ने रेल बजट को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विद्युतीकरण होने से ट्रेनों की गति में तो वृद्धि होगी ही, मंडल भी ईको-फ्रेंडली होगा। अभी जो ट्रेनें विद्युतीकरण न होने के कारण इज्जतनगर मंडल के रेल खंडों में नहीं आ पातीं हैं और कई मालगाड़ियां भी यहां से नहीं गुजर पाती हैं, विद्युतीकरण होने के बाद वे सब यहां से गुजर सकेंगी। मझोला पकड़िया-टनकपुर रेल खंड का अमान परिवर्तन का काम पूरा हो गया है। पूर्णागिरी मेले से पहले 21 फरवरी से ही इस ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे का लक्ष्य है कि सभी रेल खंडों का विद्युतीकरण हो। सीबीगंज में निर्माणाधीन डेमू मेंटिनेंस शेड 2018-19 में पूरा करने का लक्ष्य है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए डेमू गाड़ियां चलेंगी। सीबीगंज में गाड़ियों का मेटिनेंस वर्क होगा। दोनों तरफ इंजन होने से इन ट्रेनों के संचालन में कम वक्त लगता है। उन्होंने बताया कि कोई नई ट्रेन, नया रेलखंड नहीं बनना है। जो सुविधाएं हैं उनको ही बेहतर करने पर फोकस रहेगा।
इज्जत नगर मंडल में ये प्रस्ताव भी हुए हैं पास
काठगोदाम, लालकुआं, टनकपुर रेलवे स्टेशनों पर स्थित मैकेनाइज्ड लाउंड्री से निकलने वाले गंदे पानी की री-साइकिलिंग के लिए 3.75 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
पूवोत्तर रेलवे के स्टेशनों पर सॉफ्ट अपग्रेड सुधार के लिए 125 करोड़ स्वीकृत हुए हैं। इससे यात्री सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा।
मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों के विस्तार लिए 450 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
इज्जतनगर कारखाना में 300 और 200 किलोवाट तथा बरेली सिटी स्टेशन पर 50 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
रामपुर-काठगोदाम 56.41 किमी, मुरादाबाद-रामनगर 25.185 किमी ट्रैक का नवीनीकरण होगा।
लालकुआं-काशीपुर 51 किमी, भोजीपुरा-लालकुआं 64.27 किमी रेल फिटिंग नवीनीकरण कार्य होगा।
मंडल के सभी स्टेशनों पर एलईडी लगाई जाएंगी।
इज्जतनगर में दो एस्केलेटर लगाए जाएंगे।
ओवरब्रिज और रोड अंडरपास निर्र्माण के लिए 340 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
रावतपुर-मथुरा छावनी रेलवे स्टेशनों के मध्य सिग्नल प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
मंडल के 80 समपारों पर बेहतर संरक्षा और सुरक्षा के लिए मानकीकरण का कार्य होगा।
मंडल पर 238 प्रसाधन, 130 हैंडपंप, 50 समपारों पर लोहे की ग्रिल लगाई जाएगी। समपार पर प्रसाधन होने से कर्मचारी दूर नहीं आएंगे और समपार पर होने से दुर्घटनाएं भी कम होंगी।
फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर 6-वे यात्री शेल्टर, कल्यानपुर, बर्राजपुर, विल्हापैर, गुरसहायगंज फतेहगढ़, फर्रुखाबाद, सोनई और कायमगंज पर 1-1 वे यात्री शेल्टर का कार्य एक साल में पूरा होगा।