बरेली। लॉकडाउन में चेकिंग बंद होने का तमाम लोगों ने पूरा फायदा उठाया। एक किलो वाट के कनेक्शन पर गर्मियों में एयरकडिंशन का आनंद लेते रहे। कई लोगों ने बिलिंग कंपनी से मिलकर मीटर रीडिंग में हेराफेरी करा ली। ऐसे कई खुलासे तीसरे दिन चले चेकिंग अभियान में हुए हैं। विभाग ने शनिवार सुबह चेकिंग कर एक ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन समेत 29 लोगों को बिजली चोरी करते पकडा। इस दौरान सवा से ज्यादा कनेक्शन बकायेदारी में काटे गए।
लाइन लॉस कम करने के लिए पॉवर कारपोरेशन चेकिंग अभियान चला रहा है। पुराना शहर, बिहारीपुर, मलूकपुर, जोगी नवादा, संजयनगर, हजियापुर आदि इलाकों में शनिवार तड़के बिजली चेकिंग के लिए टीमें पहुंचीं। एसई शहर एनके मिश्र ने अभियान का संचालन किया।
उन्होंने इसके लिए नगर विद्युत वितरण खंड प्रथम एक्सईएन राजेश शर्मा, अनुज गुप्ता तृतीय खंड और अनिल गर्ग चतुर्थ खंड को लगाया। जोगी नवादा में 11 लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते मिले। इनमें कुछ तो एक किलोवाट के कनेक्शन पर अलग लाइन से एसी चलाते मिले। घरेलू कनेक्शन का वाणिज्यिक प्रयोग भी मिला। एक कनेक्शन पर हजारों यूनिट स्टोर मिली। टीम ने मीटर तो कब्जे में ले लिया लेकिन कनेक्शन संबंधी अभिलेख नहीं मिले। बताया जाता है कि बिलिंग कंपनी कर्मी इस धंधे में शामिल हैं। कंपनी के ज्यादातर मीटर रीडर पूरे शहर में मनमानी कर रहे हैं। जब्त मीटर का परीक्षण कराने के बाद संबंधित मीटर रीडर और स्टाफ पर कार्रवाई संभव है। पुराना शहर स्थित मोहल्ला चक में सलीम के परिसर में अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पकड़ा गया। मौके पर चार किलोवाट से ज्यादा बिजली चोरी पकड़ी गई। चक क्षेत्र में सात लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए।
घरेलू कनेक्शन
पर वाटर प्लांट
संजयनगर और हजियापुर में एक्सईएन अनुज गुप्ता, शाहदाना एसडीओ धर्मेंद्र यादव ने चेकिंग कर तीन कनेक्शन पकड़े। संजयनगर स्थित हरीश कुमार के मकान में वाटर कूलिंग प्लांट पकड़ा गया। जांच में पता चला कि नेहा के नाम से दो किलोवाट का कनेक्शन है लेकिन दस किलोवाट की चोरी कर प्लांट चलाया जा रहा था। टीम ने कनेक्शन काटकर मीटर जब्त कर लिया। बिहारीपुर, मलूकपुर आदि इलाकों में एसडीओ सिविल लाइंस सत्यार्थ गंगवार टीम लेकर पहुंचे। इन मोहल्लों में आठ लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। तीसरे दिन चेकिंग में सवा सौ से ज्यादा कनेक्शन बकायेदारी में काटे गए।