बरेली के प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा का जमावड़ा कभी भी देखा जा सकता है।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने गुरुवार को समीक्षा बैठक में बिजली चोरी रोकने और बकाया राजस्व वसूली आदि बिंदुओं पर मातहतों की फटकार लगाई थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह से ही पांच लाख रुपये के बकायेदारों के कनेक्शन काटने का अभियान छेड़ दिया गया। शनिवार सुबह से एक लाख रुपये से ज्यादा के बकायेदारों की बिजली काटी जाएगी। इस बीच शहर में चले अभियान में पांच अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पकडे़ गए। इन सभी पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कलक्ट्रेट सभागार में एमडी सूर्यपाल गंगवार ने गुरुवार दोपहर समीक्षा बैठक में गलत बिलिंग, बकाया राजस्व और बिजली चोरी आदि रोकने पर जोर दिया था। उन्होेंने इन मामलों में सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए अभियान चलाने के आदेश दिए थे। इस पर शुक्रवार को विभागीय टीमों ने पांच लाख रुपये से ज्यादा बकाया बिलों के कनेक्शन काट कर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी। जिले में 885 कनेक्शन काटने का दावा किया गया है। शनिवार से एक लाख रुपये से ज्यादा बकायेदारी के कनेक्शन काटे जाएंगे। इसके लिए खंडवार टीमें बनाई गई हैं।
शुक्रवार भोर से चले अभियान में नवादा और चक क्षेत्र में संचालित पांच अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पकड़े गए। एक्सईएन अनिल कुमार ने एसडीओ रामजगत वर्मा के साथ जेई पवन चंद्रा और प्रदीप भारती की टीम गठित कर दी थी। टीम ने रात में अभियान चलाकर जोगी नवादा में राजेंद्र राठौर, जसोदा रानी श्रीवास्तव, भगवान दास और चक में रिजवान को ई-रिक्शा चार्जिंग करते पकड़ा है। इन सभी पर चेकिंग टीम ने एफआईआर दर्ज करा दी है।