बरेली। सुभाषनगर थाने के पास झुग्गी में शुक्रवार दोपहर वृद्धा का शव मिला। कोतवाली पुलिस पहले इसे सामान्य मौत का मामला मान रही थी, लेकिन पोस्टमाॅर्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस मृतका के बेटे की तलाश कर रही है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के चाहबाई की 90 वर्षीय उर्मिला का बेटा संजय कचहरी के पास चाय की दुकान चलाता है। उनके एक बेटे गोविंदा की पहले ही मौत हो चुकी है। उर्मिला काफी समय से सुभाषनगर थाने के पास झुग्गी में रह रही थीं।
उनका बेटा संजय भी उनके पास आता-जाता था। झुग्गी में वृद्धा का शव मिलने की सूचना पर सामान्य बीमारी से मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमाॅर्टम कराया गया तो मामला हत्या का निकला।
उन्होंने बताया कि पुलिस मृतका के बेटे की तलाश कर रही है। उससे तहरीर लेकर हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। अब तक हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। अगर मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी जाती है तो पुलिस अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज करेगी। संवाद