फरीदपुर। अयोध्या दर्शन करने जा रहे पश्चिम बंगाल के बुजुर्ग की सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमाॅर्टम कराने से मना कर दिया। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि टूरिस्ट बस से पश्चिम बंगाल के लगभग 80 श्रद्धालु किसी दूसरी जगह से आकर अयोध्या दर्शन करने जा रहे थे। बुधवार रात करीब 8:30 बजे बस फरीदपुर के जेड़ गांव के पास बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे के एक ढाबे पर रुकी। श्रद्धालुओं ने वहां रुक कर चाय पी। बस में सवार पश्चिम बंगाल के विजय मजूमदार (65) हाईवे क्रॉस करके दूसरी तरफ लघुशंका करने जा रहे थे। इसी दौरान शाहजहांपुर के तरफ से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उन्हें रौंदता हुआ भाग गया। सूचना पर पुलिस आई, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने उन्हें शव सौंप दिया। मृतक की पत्नी व उसके साथ कुछ श्रद्धालु शव को लेकर पश्चिम बंगाल चले गए। संवाद