नए चीफ इंजीनियर ने पहली बैठक में अधीनस्थों को खूब कसा और इसका असर 24 घंटे में यह दिखा कि विभागीय मिलीभगत से कुछ लोग सतीपुर में फिर हाईटेंशन लाइन तार उतार कर ले गए। इसके लिए इन लोगों ने पहले जगतपुर उपकेंद्र पर एक फर्जी शिकायत करायी, इससे सप्लाई लाइन बंद हो गई।
दो माह पहले पुराना शहर स्थित सतीपुर- गौंटिया हाईटेंशन लाइन खंभे समेत चोरी की गई थी। इस पर विभाग ने मामला रफा-दफा करने के लिए भ्रामक बयान दिए। इसके एक माह बाद एक ट्रक से टक्कर दिखा कर तार आदि इधर उधर ठिकाने लगा दिया। एक बार फिर शनिवार देर शाम लोगों ने कानून व्यवस्था को धता बता कर लाखों की लाइन चोरी कर ली है। चोरों ने लाइन उतारने से पहले जगतपुर उपकेंद्र पर फर्जी फाल्ट की शिकायत की, इससे दो घंटे तक विभागीय कर्मी फाल्ट सही करने के नाम पर दौड़ते रहे, इसी बीच सतीपुर से नई आबादी के बीच पुराना हाईटेंशन लाइन तार लेकर रफूचक्कर हो गए। बताया जाता है कि करीब एक हजार मीटर से ज्यादा पैंथर लाइन चोरों ने उतारी है। उधर, दो घंटे तक सप्लाई गुल रहने से लोग परेशान रहे।