आठ की जगह पांच हजार होगी एमएड पीजी फोरम की फीस
- फोटो : आठ की जगह पांच हजार होगी एमएड पीजी फोरम की फीस
बरेली कॉलेज प्रशासन ने एमएड के छात्रों को बड़ी राहत दी है। अब उनको पीजी फोरम की फीस आठ की जगह पांच हजार देनी होगी। शनिवार को वित्त समिति की बैठक ने यह फैसला लिया। दूसरा बड़ा प्रस्ताव प्राइवेट फार्म का अग्रसारण शुल्क 325 से बढ़ाकर 500 करने का प्रस्ताव था जिसको सचिव देव मूर्ति ने निरस्त कर दिया। इसके साथ ही अग्रसारण शुल्क का दस फीसदी हिस्सा शिक्षकों और कर्मचारियों में बांटा जाता था जिसको घटाकर अब 10 रुपये कर दिया गया है। अबतक यह तीस रुपये था। बाकी पैसा कॉलेज के विकास में लगाया जाएगा।
बिल्डिंग के निर्माण को लेकर निर्णय लिया गया कि प्राथमिकता के अनुसार भवन बनवाए जाएंगे। सबसे पहले सर्वेंट क्वार्टर बनवाए जाएंगे। इसमें भी आधा दर्जन क्वार्टर की संख्या बढ़ा दी गई। कर्मचारियों के निवासों में बिजली का मीटर लगाया जाएगा। बीकाम आनर्स का भवन इसके बाद बनवाया जाएगा। अस्थायी कर्मचारियों का अबतक पीएफ नहीं काटा जाता था अब पीएफ काटा जाएगा। एक जनवरी 2017 से यह लागू माना जाएगा। बिल्डिंग कमेटी के प्रस्तावों का हरी झंडी दे दी गई। अब 11 मई को प्रबंध समिति की बैठक होगी। बैठक में सचिव देव मूर्ति, प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव, डॉ. एके चौहान, सुभाष मेहरा, डॉ. प्रवीन अग्रवाल, डॉ. अनुराग मोहन आदि लोग मौजूद रहे।
घटेगी प्राइवेट फार्म की संख्या
बरेली कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2017-18 में प्राइवेट फार्म की संख्या में कटौती की जाएगी। वित्त समिति की बैठक में यह मुद्दा उठा कि प्राइवेट छात्रों की परीक्षा कराने में दिक्कत होती है। इसलिए इनकी संख्या कम की जाए। अबतक करीब 50 से 55 हजार प्राइवेट फार्म अग्रसारित किए जाते हैं। अब इनकी संख्या 35 से 40 हजार की जाएगी। प्रथम वर्ष के फार्म करीब 15 हजार भरे जाते हैं। इसमें भी संख्या घटाई जाएगी।
स्थायी शिक्षकों को करनी होगी ड्यूटी
बैठक में स्पष्ट कह दिया गया कि स्थायी शिक्षकों को अनिवार्य रूप से परीक्षा में ड्यूटी करनी होगी। अगर कोई स्थायी शिक्षक परीक्षा में ड्यूटी नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।