बरेली। कोविड-19 के खिलाफ दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शनिवार को जिले के आठ केंद्रों पर शुरू होगा। गंगाशील हॉस्पिटल और आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पर टीकाकरण अभियान का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि आठ केंद्र पर आठ सौ स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सभी केंद्रों पर वैक्सीन कोल्ड चेन में पहुंच गई है। शनिवार को जिला महिला अस्पताल, एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज, रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज, गंगाशील, आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, राजश्री मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट के साथ ही नवाबगंज, बहेड़ी और फरीदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन होगा। तीन दिन में पहला चरण पूरा किया जाएगा। ब्यूरो