ग्राम समाज की जमीन होने का अंदेशा, आज जांच को जाएगी राजस्व टीम
बरेली। फरीदपुर में रामगंगा की कटरी में जमीन पर कब्जे के लिए हुई ताबड़तोड़ फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने सख्त रुख दिखाया तो पुलिस आठ लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रासुका लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि जमीन सरकारी है लिहाजा राजस्व विभाग को मौके पर टीम भेजकर जांच कराने को कहा गया है।
रविवार को गांव सिपहिया गौंटिया के दो पक्षों में जबर्दस्त फायरिंग हुई थी। दरअसल एक शख्स जमीन जोतने के लिए ट्रैक्टर लाया था, इसी दौरान दूसरे पक्ष ने उसे घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली मारकर ट्रैक्टर का टायर भी पंक्चर कर दिया। दूसरे गुट के लोगों के पहुंचने के बाद दोनों ओर से फायरिंग हुई जिसमें दो लोग घायल हो गए। इस फायरिंग का वीडियो भी वायरल हुआ था।
यह वीडियो लखनऊ पहुंचने के बाद डीजीपी दफ्तर से रिपोर्ट मांगी गई। एसएसपी रोहित सजवाण ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों पर रासुका लगाने की संस्तुति की है। उन पर गैंगस्टर एक्ट समेत तमाम निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही हैं ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो। सीओ आलोक अग्रहरि के साथ फरीदपुर सर्किल के थानों की पुलिस ने सोमवार को ताबड़तोड़ दबिशें दीं। एक पक्ष के पांच लोग तो दूसरे पक्ष के तीन लोगों समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ ने बताया कि चार लोगों की गिरफ्तारी शेष है जो जल्द कर ली जाएगी।
हमलावरों में शामिल पुत्रपाल समेत कुछ लोग उम्रकैद की सजा पाने वाले भी हैं जो अपील में जमानत पर हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से दोनों पक्षों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट कराई है ताकि समझौता न हो सके। इनसे लाइसेंसी राइफल, डबल बैरल बंदूक और दो तमंचे बरामद किए गए हैं। शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम मंगलवार को गांव जाकर उस जगह की पैमाइश करेगी जिसकी वजह से दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और नौबत यहां तक पहुंची कि चंदौसी फायरिंग कांड जैसी घटना होने से बच गई। अधिकारियों को संदेह है कि वह जमीन ग्राम समाज की है। इसकी पैमाइश के बाद ही हकीकत पता लगेगी।