बरेली। शहर में जुमा अलविदा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ईदगाहों और मस्जिदों पर भारी संख्या में फोर्स रहेगी। बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की अगुवाई में पैरा मिलिट्री फोर्स ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
माहे रमजान विदा हो रहा है। शुक्रवार को शहर की 22 ईदगाहों और 378 मस्जिदों में जुमा अलविदा की नमाज होगी है। कोतवाली इलाके की कुतुबखाना मस्जिद में पहले से ही कड़ा पहरा है। ब्रह्मपुरा, शाहबाद, किला, बारादरी इलाके की मस्जिदों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम हुए हैं। जुमे की नमाज शांति पूर्वक कराने के लिए एसपी सिटी समीर सौरभ बृहस्पतिवार को दिन भर जुटे रहे। एटीएम सिटी और एसपी सिटी की अगुवाई में पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों ने किला, कोतवाली, बारादरी, प्रेमनगर, सुभाषनगर थानों के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। एसपी सिटी ने बताया कि नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। एक कंपनी आईटीबीपी और एक आरएएफ के अलावा छह कंपनी पीएसी नमाज के दौरान शहर की सुरक्षा पर नजर रखेगी। कोतवाली इलाके में 100 होमगार्ड, दस दरोगा, 50 सिपाही सुरक्षा के लिए दिए गए हैं। प्रेमनगर में पांच दरोगा और 15 सिपाही थाने की फोर्स के अलावा रहेेंगे। किला में सबसे ज्यादा 25 दरोगा और 50 सिपाही और 50 होमगार्ड अतिरिक्त दिए गए हैं। सीबीगंज में सात दरोगा 25 सिपाही और 25 होमगार्ड जुमा अलविदा के लिए दिए गए हैं। इसके अलावा इज्जतनगर, सुभाषनगर, कैं ट और बिथरी चैनपुर में भी जुमा अलविदा की नमाज के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सुरक्षा कर्मियों के साथ टियर गैस के दस्ते भी रहेंगे।
थाना मस्जिद ईदगाह
कोतवाली 61 ---
प्रेमनगर 36 ---
किला 83 02
बारादरी 114 ---
सुभाषनगर 12 01
इज्जतनगर 19 04
कैंट 42 04
बिथरीचैनपुर 14 05
सीबीगंज 14 06