बरेली कॉलेज में प्राचार्य बनाम शिक्षक संघ के विवाद को नया मोड़ देते हुए शनिवार को अस्थाई शिक्षकों ने खुद की उपेक्षा पर रोष जताया। इसके विरोध में उन्होंने परीक्षा की तीनों पालियों में कक्ष के अंदर परीक्षार्थियों की तलाशी नहीं ली और न ही परीक्षा कक्ष में ड्यूटी की। पूरे दिन सिर्फ गेट पर ही ड्यूटी की। इस दौरान सभा कर कहा कि शिक्षक संघ के चंद नेताओं ने उनको मुद्दा बनाया तो वे आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे।
सभा वरिष्ठ शिक्षक डॉ. इनाम खां की अध्यक्षता में हुई। डॉ. ओमकार पटेल ने कहा कि अस्थायी शिक्षक पूरी मुस्तैदी, मेहनत और लगन से स्थायी शिक्षकों के साथ परीक्षा में ड्यूटी कर रहे हैं। इसके बावजूद वरिष्ठता के तर्क पर हमें उपेक्षित किया जा रहा है। कभी साथ ड्यूटी न करने और कभी कक्ष के अंदर और बाहर ड्यूटी करने जैसी बेतुकी मांगें कर अपमानित किया जा रहा है। डॉ. रविंद्र यादव ने कहा कि अस्थाई शिक्षक कॉलेज मैनेजमेंट और प्राचार्य के निर्देश पर काम करते हैं, इसलिए कोई हमें बेवजह निशाना बनाएगा तो विरोध होगा। मामले में सोमवार को प्राचार्य से मिलने का निर्णय लिया गया। सभा में डॉ. रामबाबू सिंह, डॉ. योगेश शर्मा, डॉ. महेश जोशी, डॉ. अजीम, डॉ. राजेश दुबे, डॉ. मिन्नी यादव आदि ने भी विचार रखे।