सुचारू परीक्षा संचालन के रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन के तमाम दावों को पलीता लगाते हुए बहेड़ी के दर्शन सिंह डिग्री कॉलेज में बुधवार को नकल की हद हो गई। बीएससी प्राणि विज्ञान की परीक्षा में विश्वविद्यालय का सचल दस्ता जब इस केंद्र का जायजा लेने पहुंचा तो उसे देखकर एक परीक्षा कक्ष में बैठे परीक्षार्थी खिड़की से बाहर नकल सामग्री फेंकने लगे लेकिन सचल दस्ते ने सक्रियता दिखाते हुए 12 परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ मौके पर ही धरदबोचा। इसके साथ ही कमरे में बिखरी पड़ी और खिड़कियों के बाहर फेंकी गई सारी नकल सामग्री बोरे में भरकर सचल दस्ता शाम को विश्वविद्यालय ले आया। नकल सामग्री में गैसपेपर भी शामिल हैं। नकल के इस मामले से सचल दस्ते ने कुलपति और कुलसचिव को अवगत करा दिया है। कुलसचिव एके सिंह ने सामूहिक नकल के इस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई का निर्णय लिया है।
गौरतलब यह है कि बहेड़ी का यह वही परीक्षा केंद्र है, जिस पर सचल दस्ते ने पिछले दिनों नकलची पकड़े थे और उसके बाद यहां निरीक्षण को गए कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन ने अव्यवस्थाओं पर केंद्र व्यवस्थापक को कड़ी फटकार लगाई थी और भविष्य में गड़बड़ी पर कार्रवाई के लिए चेताया भी था लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। बुधवार को यहां सामूहिक नकल पकड़े जाने से यह साफ हो गया कि विश्वविद्यालय परीक्षाओं में भी नकल का बोलबाला है और इसे रोक पाने में विश्वविद्यालय प्रशासन विफल साबित हुआ है। बुधवार को यहां बरेली कॉलेज के डॉ. नीरज राठौर के नेतृत्व में बने विश्वविद्यालय के सचल दस्ते ने छापामारी कार्रवाई में यह सामूहिक नकल पकड़ी। विश्वविद्यालय प्रशासन अब इस मामले को परीक्षा समिति में ले जाकर कार्रवाई का निर्णय लेगा।
इंसेट...
कुलपति ने भी पकड़ा एक नकलची
बुधवार को शाम का पाली में परीक्षा के निरीक्षण को सचल दस्ते के साथ निकले विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन ने भी मीरगंज के स्वामी दयानंद डिग्री कॉलेज में बीएससी के एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ लिया। उसके पास से नकल की पर्ची बरामद हुई। कुलपति ने मीरगंज के आरपी डिग्री कॉलेज और अनुभिज्ञ डिग्री कॉलेज में भी परीक्षा का जायजा लिया।