बरेली। बरेली में राज्य ललित कला अकादमी की क्षेत्रीय इकाई स्थापित की जाएगी। अकादमी के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर के पत्र के बाद जिला प्रशासन ने जगह की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय को पत्र लिखा गया है।
राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर ने डीएम को लिखे पत्र में कहा है कि कमेटी के तत्वावधान में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, प्रादेशिक और क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी एवं आयोजन किए जाते हैं। कार्यक्रमों के निर्धारण के लिए नौ अगस्त 2019 को बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें बरेली में राज्य ललित कला अकादमी का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने का निर्णय सर्व सहमति से लिया गया था। उन्होंने कहा है कि इसी परिपेक्ष्य में बरेली में भवन उपलब्ध कराने का कष्ट करें, जिसमें दो कमरे और प्रदर्शनी के लिए एक हॉल हो। डीएम ने इस पर कार्रवाई की जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार को सौंपी। उन्होंने रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय को पत्र लिखकर इस पर निर्णय लेने को कहा है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ललित कला अकादमी की क्षेत्रीय इकाई के लिए परिसर में उपयुक्त भवन की तलाश कर रहा है।