पीएम से ‘परीक्षा पे चर्चा’ नहीं
कर सके बरेली के छात्र
- संयुक्त शिक्षा निदेशक के आदेश पर सोमवार को सभी कॉलेजों और स्कूलों में हुआ लाइव प्रसारण
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले 20 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में देश भर से जुटे छात्रों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ की। इसमें बरेली के 16 छात्र-छात्राएं एस्कॉर्ट टीचर अर्चना राजपूत के साथ शामिल हुए। अर्चना ने बताया कि बरेली के छात्रों को सवाल पूछने का मौका नहीं मिला, इससे वे उदास हुए, लेकिन प्रधानमंत्री के दिए मंत्र को उन्होंने आत्मसात करने का संकल्प लिया।
सोमवार को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखने का आदेश संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने निजी और सरकारी सभी स्कूलों को दिया था। इस पर सोमवार को जीजीआईसी, जीआईसी, श्री गुलाबराय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीनगला, शांतिकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों और स्कूलों में स्मार्ट क्लास, तो कहीं व्यक्तिगत टीवी अरेंज कर छात्रों को लाइव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान सभी छात्रों ने कार्यक्रम को देखा और बरेली से पहुंचे मेधावियों के सवाल पूछने की बारी आने का इंतजार करते रहे। हालांकि, उनकी यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। बता दें कि पीएम से परीक्षा पे चर्चा के लिए बरेली मंडल से अंशुल, लक्ष्य भार्गव, निशांत, अजय प्रताप, हर्ष शाक्य, गर्वित, इशिता पाल, तनिष्का, तनु वार्ष्णेय, दिव्यांशी, सानिया मिश्रा, अंजलि यादव, अंशिका सिंह, वैष्णवी गुप्ता, अरुणिमा श्रीवास्तव, अग्रणी सक्सेना दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम पहुंचे थे।