विज्ञान महोत्सव में अभिनव प्रयोेगों को बढ़ावा देने के लिए छात्रों को किया जागरूक
बरेली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब की ओर से गुलाबराय इंटर कॉलेज में दो दिवसीय विज्ञान महोत्सव का शुरू किया गया है। शुक्रवार को भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य और प्रधानाचार्य डॉ. एसपी पांडेय ने इसका शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि विधायक मौर्य ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को विज्ञान मेें शोध के प्रति जागरूक करें। नवीन दृष्टिकोण से ही समाज को नई दिशा मिलेगी। छात्रों को वैज्ञानिक प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, लोग भी विज्ञान के प्रति जागरूक होंगे। राजश्री मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा कैंप में छात्रों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मेरठ से आए मोहम्मद मतीन अंसारी ने वैज्ञानिक शोध का प्रदर्शन किया। गणित के टीएलएम मॉडलों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। पहले दिन विज्ञान मॉडल, वैज्ञानिक चित्र बनाओ, नारा लेखन, पोस्टर, वैज्ञानिक फैंसी ड्रेस, पेपर कतरन, विज्ञान रंगोली, नाटक आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निर्णायक मंडल में ईएचएस निदेशक एसके सूरी, निशा अग्रवाल, मोहम्मद मतीन अंसारी, बरेली कॉलेज के बायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. बलवीर सिंह, विशन शर्मा शामिल रहे। राजश्री की निदेशक तूलिका अग्रवाल, जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, वैभव शर्मा ने चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कवि रोहित राकेश ने कविताएं सुनाईं।