रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने जारी कीं वार्षिक परीक्षा की फाइनल तिथियां
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परास्नातक की वार्षिक परीक्षा दो से 28 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। गुरुवार को विश्वविद्यालय ने वार्षिक परीक्षा की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया।
तीन पालियों में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में पहली पाली सात से दस, दूसरी दोपहर ग्यारह से दो और तीसरी पाली तीन से शाम छह बजे तक चलेगी। पहले दिन दो मार्च को पहली पारी में परास्नातक उर्दू, संस्कृत, गणित सांख्यिकी व अन्य विषय, दूसरी पाली में आधुनिक हिंदी काव्य, अर्थशास्त्र, इंग्लिश, फिजिक्स, केमिस्ट्री, जियोलाजी, बॉटनी आदि व तीसरी पाली में अंग्रेजी और संस्कृत के विभिन्न पेपरों की परीक्षाएं होंगी। तीन मार्च को पहली पाली में ड्राइंग एंड पेंटिंग, एमएससी इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, डिफेंस स्टडीज, फिलासफी, जियोग्राफी, होमसाइंस, म्यूजिक के पेपर होंगे। दूसरी पाली में हिस्ट्री व पॉलिटिकल साइंस के पेपर होंगे। तीसरी पाली में फिजिक्स, केमिस्ट्री, जियोलाजी, बाटनी, मैथमेटिक्स समेत अन्य विषयों के पेपर आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह अन्य विषयों की भी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
27-28 मार्च को केवल पहली पाली में होगी परीक्षा
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वार्षिक परास्नातक परीक्षाओं मेें 27 और 28 मार्च को आखिरी दौर की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इन दोनों दिनों में केवल पहली पाली मेें ही परीक्षाएं आयोजित होंगी। इनमें 27 तारीख को गणित के चौथे और पांचवें पेपर, पॉलिटिकल साइंस चौथा प्रश्नपत्र व एमए हिंदी का चौथा प्रश्न पत्र होगा। 28 को भी गणित, हिंदी, इतिहास के विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्र आयोजित किए जाएंगे।