समाजवादी पार्टी, प्र्र्रगतिशील सपा व अन्य छात्र संगठनों ने रखीं अपनी-अपनी मांगें
बरेली। छात्र संगठनों से जुड़े छात्र नेताओं ने शनिवार को बरेली कॉलेज बरेली के प्राचार्य अनुराग मोहन का घेराव किया। इस दौरान छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगें रखीं, जिन्हें प्राचार्य ने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। वहीं प्राइवेट फार्म जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग को उन्होंने अस्वीकार कर दिया। कहा कि यह विश्वविद्यालय का मामला है और इसमें वह कुछ नहीं कर सकते।
शनिवार को समाजवादी पार्टी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी व कई छात्र संगठन से जुड़े नेताओं ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य का घेराव किया। उनका आरोप था कि बरेली कॉलेज प्रशासन छात्रों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा। छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज के हॉस्टल की स्थिति बदतर है। कमरे जर्जर हालत में हैं। वहीं साफ-सफाई भी ठीक से नहीं हो रही। बरेली कॉलेज गेट पर पूछताछ केंद्र बनवाने की भी मांग की गई। इन मांगों पर प्राचार्य अनुराग मोहन ने कहा कि बरेली कॉलेज के हॉस्टलों की स्थिति को सुधारने के लिए जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर इसे वित्त समिति को भेजा जाएगा। वहीं पूछताछ केंद्र को लेकर उन्होंने कहा कि इस दिशा में कॉलेज प्रशासन पहले से ही कार्य कर रहा है। जल्द ही पूछताछ केंद्र शुरू हो जाएगा।
उधर, छात्र नेताओं द्वारा प्राइवेट फार्मों के लिए अतिरिक्त काउंटर बनवाने की मांग भी की। प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय की ओर से प्राइवेट फार्म जमा करने के लिए वर्तमान में 26 काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में नए काउंटर बनवाना संभव नहीं। इस दौरान प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राशि मेवाती, रविंद्र यादव आदि मौजूद रहे।