बरेली। आगरा में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में ब्रज प्रांत के अध्यक्ष एवं बरेली कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. भूपेंद्र सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बरेली एवं बदायूं के विभाग संगठन मंत्री राहुल चौहान को इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य बनाया गया है।
अमर उजाला से बातचीत में डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी पूरे देश के लिए है और उनका फोकस छात्र समस्याओं के तीव्र समाधान पर होगा। विश्वविद्यालय में सिंगल विंडो बना दी गई है लेकिन यह अब भी बहुत प्रभावी नहीं है। संगठन की प्राथमिकताओं के अनुसार ही वह काम काम करेंगे लेकिन इसके साथ ही संगठन की मजबूती पर भी जोर दिया जाएगा। कर्नाटक में प्राइमरी के बाद स्कूल छोड़ने वाले बच्चों के लिए ‘स्कूल बेल’ अभियान शुरू किया गया था, अब इस पर पूरे देश में काम कराया जाएगा। साथ ही बरेली में इसे प्राथमिकता से शुरू कराएंगे। डॉ. भूपेंद्र सिंह और राहुल चौहान को जिम्मेदारी मिलने पर महानगर मंत्री गौरव यादव, योगेश पंडित आदि ने बधाई दी है।