बरेली। यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा कार्यक्रम मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने घोषित कर दिया, जिसके मुताबिक 15 से 29 दिसंबर तक बरेली मंडल में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी।
बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव की ओर से जारी कार्यक्रम सूचना के अनुसार, प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराने लिए परीक्षक मंडल बाहर के कॉलेजों से नियुक्त होंगे। 100 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा में संबंधित केंद्र के परीक्षक 50 अंक और बाहरी परीक्षक 50 अंक प्रदान करेंगे। शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा प्रधानाचार्य के निर्देशन में संपन्न होगी। परीक्षा की शुचिता के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी और वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य संभालेंगे। वहीं हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा की जानकारी 15 दिसंबर से बोर्ड की वेबसाइट पर प्रदर्शित होगी।