बरेली। बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन के दौरान जिन छात्र-छात्राओं के पांच हजार रुपये फंसे हैं, उनको रकम वापसी के लिए विश्वविद्यालय ने एक मौका दिया है। इसके लिए वेबसाइट खोल दी गई है। छात्र-छात्राओं को उनके मोबाइल नंबर पर मेसेज और ई मेल भेजकर जानकारी दी गई है कि वे 21 नवंबर तक हर हाल में वेबसाइट पर अपनी अकाउंट डिटेल सही कर लें। इसके बाद फिर कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
इस बार बीएड की राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया की जिम्मेदारी रुहेलखंड विश्वविद्यालय को दी गई थी। काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान कम कॉलेज चुनने के चलते तमाम अभ्यर्थियों को कोई कॉलेज आवंटित नहीं हो सका। दोबारा काउंसिलिंग में इन छात्र-छात्राओं को कॉलेज तो मिल गए लेकिन पहली काउंसिलिंग के दौरान जमा किए गए पांच-पांच हजार रुपये फंस गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने रुपये लौटाने का प्रयास किया लेकिन अकाउंट डिटेल गलत होने के चलते एक हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं के रुपये ट्रांसफर नहीं किए जा सके। रुपये वापसी के लिए परेशान इन छात्रों को अकाउंट डिटेल दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार को विश्वविद्यालय की वेबसाइट खोल दी। हिदायत दी गई है कि 21 नवंबर तक छात्र-छात्राएं अपनी लॉगिन आईडी का इस्तेमाल कर हर हाल में अकाउंट डिटेल दुरुस्त कर लें।
जिन छात्र-छात्राओं की अकाउंट डिटेल दुरुस्त नहीं है, वे वेबसाइट पर दुरुस्त कर लें। 21 नवंबर के बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।
- प्रोफेसर बीआर कुकरेती, राज्य समन्वयक, बीएड प्रवेश प्रक्रिया