दिव्यांगों का भी रखेंगे ख्याल, एमबीए में रैंप के साथ तीनमंजिला इमारतों में लगेगी लिफ्ट
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने के साथ ही सौर ऊर्जा से जगमग किया जाएगा। सोलर एनर्जी का पांच करोड़ का प्रस्ताव तैयार करके शासन के लिए भेजा गया है। साथ ही सभी विभागों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने के लिए रैंप और लिफ्ट बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
बिजली खपत कम करने के लिए सरकार सौर ऊर्जा के उपयोग पर बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में शासन ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस में सौर ऊर्जा का प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। विश्वविद्यालय ने यूपी-नेडा से प्रस्ताव तैयार कराया था, जिसके तहत सभी विभाग और हॉस्टल की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली का उपयोग कम किया जा सकता है। इस पर पांच करोड़ रुपये का खर्च आएगा, ऐसा प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के सभी विभागों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत दो मंजिला भवनों में रैंप बनाई जाएंगी। इससे अधिक ऊंचाई वाले भवन में लिफ्ट लगेगी। एमबीए विभाग में 23 लाख रुपये से रैंप बनाने का प्रस्ताव बन चुका है। अन्य विभागों का सर्वे करके प्रस्ताव बनाया जा रहा है।
विश्वविद्यालय में सोलर एनर्जी के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर 10 नवंबर को शासन को भेज दिया है। विभागों में रैंप और लिफ्ट बनाने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
- डॉ. सुनीता पांडेय, कुलसचिव, रुहेलखंड विश्वविद्यालय