बरेली। शनिवार को अवकाश घोषित होने के बावजूद तमाम छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। जब उन्हें अवकाश की जानकारी मिली तो घर लौटना पड़ा। अयोध्या मामले में निर्णय को लेकर शनिवार नौ नवंबर से सोमवार 11 नवंबर तक शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। शनिवार से बीएएमएस, बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक नर्सिंग की परीक्षाएं शुरू होनी थीं। बरेली में महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय को जिले के आठ कॉलेजों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार देर रात कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल ने तीन दिन की यह परीक्षा स्थगित कर दी थी लेकिन तमाम छात्र-छात्राओं तक यह सूचना नहीं पहुंच सकी। इससे शनिवार को करीब 150 छात्र-छात्राएं परीक्षा देने महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय पहुंच गए। प्राचार्य डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के निर्णय से अवगत करा दिया गया है। स्थगित किए गए पेपर के लिए विश्वविद्यालय अब संशोधित स्कीम जारी करेगा।