बरेली। आधुनिक मीडिया सेंटर बनने से पहले पाठ्यक्रम की तैयारी की जाएगी ताकि सेटअप तैयार होते ही लेेक्चर की रिकॉर्डिंग शुरू कराई जा सके। इसकी प्लानिंग को लेकर सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल टेक्नोलॉजी (सीआईईटी) से पहुंचे तकनीकी विशेषज्ञों ने बुधवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल से मीटिंग की।
करीब 15 साल से बंद पड़े रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मीडिया सेंटर को ऑनलाइन पाठ्यक्रम का केंद्र बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसे आधुनिक रूप देने के लिए विश्वविद्यालय ने सीआईईटी के तकनीकी विशेषज्ञों से मदद ली है, जिसके तहत मंगलवार को डॉ. पुष्पलता और डॉ. कुमार एसवी तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने मीडिया सेंटर का निरीक्षण करने के बाद बुधवार को कुलपति से मीटिंग की। अब वे लोग यहां लगने वाले उपकरणों का ब्योरा विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएंगे। मीडिया सेंटर में टेक्निकल कार्य की जिम्मेदारी सीएसआईटी (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी) विभाग को दी गई है। साथ ही तय हुआ कि मीडिया सेंटर का सेटअप तैयार होने से पहले विश्वविद्यालय के सभी संकाय डिजिटलाइजेशन के लिए अपना पाठ्यक्रम तैयार कर लें ताकि सेटअप तैयार होते ही लेेक्चर की रिकॉर्डिंग शुरू की जा सके। मीडिया सेंटर को आधुनिक रूप देने के लिए यहां लिफ्ट, नया सेंट्रल एसी सिस्टम, कैमरे, ग्रीन रूम, लाइट्स एवं अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। बैठक के दौरान प्रोफेसर नलिनी श्रीवास्तव, मीडिया सेंटर के इंचार्ज डॉ. गौरव राव, डॉ. तरुण राष्ट्रीय, डॉ. ललित मोहन आदि मौजूद रहे।