बरेली। साथी छात्रा को एक छात्र ने पेटीज खिलाई तो दूसरे ने उससे नजदीकी न बढ़ाने की बात कहकर भिड़ गया। क्लासरूम से शुरू हुआ विवाद बाहर तक पहुंचा और साइकिल स्टैंड पर दोनों गुटों के तमाम छात्र-छात्राएं इकट्ठे हो गए। हंगामे के बीच ही चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य पहुंच गए और उन्हें बाहर खदेड़ दिया गया।
छात्रों के मुताबिक बीबीए थर्ड सेमेस्टर की छात्रा को कक्षा के ही एक छात्र ने पेटीज खिलाई थी। इस पर दूसरे छात्र ने इसका विरोध किया कि उसने पेटीज क्यों खिलाई। छात्रा से भी पूछा कि उसकी पेटीज क्यों खाई। इसी बात पर दोनों छात्रों में विवाद हो गया। क्लास छूटने के बाद साइकिल स्टैंड पर दोनों गुटों के 50 से ज्यादा छात्र जमा हो गए और उनमें बहस होने लगी। सूचना पर चीफ प्रॉक्टर समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए और सबको गेट से बाहर खदेड़ दिया।
छात्रा का बताया बहन, नहीं बता सका पिता का नाम
हंगामे के बीच ही चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा ने एक छात्रा को एक लड़के से बात करते हुए पकड़ लिया। इस पर छात्रा ने लड़के को अपना भाई बता दिया। चीफ प्रॉक्टर ने छात्रा का आईकार्ड ले लिया और फिर लड़के से छात्रा के पिता का नाम पूछा तो वह नहीं बता सका। इस पर उन्होंने छात्रा का आईकार्ड जब्त कर लिया और लड़के को डांटकर भगा दिया।
बरेली कॉलेज के बीबीए विभाग में साथी छात्रा को पेटीज खिलाने को लेकर सोमवार को दो छात्रों में विवाद हो गया, दोनों ने अपने गुटों के छात्र स्टैंड पर इकट्ठे कर लिए और विवाद होने लगा, सूचना पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड पहुंचा और छात्रों को खदेड़ दिया।