बरेली। प्राचार्य पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद डॉ. अनुराग मोहन ने बुधवार को पहला प्रशासनिक निर्णय लेते हुए क्रीड़ा प्रभारी की जिम्मेदारी से खुद को मुक्त कर लिया। अब कॉमर्स विभाग के डॉ. भारतेंदु शर्मा को क्रीड़ा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निवर्तमान प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने बृहस्पतिवार को नोटिस का जवाब देने की बात कही है।
बरेली कॉलेज में पिछले दिनों कुछ पदों पर फेरबदल की बात की गई थी। बुधवार को क्रीड़ा प्रभारी के पद पर फेरबदल से इसकी शुरुआत हो गई है। अभी कुछ पदों पर और फेरबदल की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन कोई स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बोल रहा है। वहीं, डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश के नोटिस का जवाब देने की बात कही है। उन्हें यह नोटिस डॉ. अनुराग मोहन को प्राचार्य पद की जिम्मेदारी देने को लेकर दिया गया है। इसमें उनसे तीन बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है।
विभाग में बैठे गणित के सारे शिक्षक
मंगलवार को प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन गणित विभाग में पहुंचे थे। वहां उन्होंने डॉ. आरिफ नदीम और डॉ. पूनम सिंह के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उनके अनुरोध पर बुधवार को गणित के सारे शिक्षक विभाग में ही बैठे। बता दें कि डॉ. आरिफ नदीम और डॉ. पूनम सिंह के बीच चल रहे विवाद को लेकर एक धड़े के शिक्षक उसी दिन से विभाग के बजाय बरामदे में बैठ रहे थे।
पानी की टोंटियां तीन दिन में होंगी दुरुस्त
डॉ. अनुराग मोहन ने कॉलेज में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद भी शुरू कर दी है। उन्होंने पानी की टाेंटियां और लीकेज तीन दिन में दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परिसर से बड़ी घास भी जल्द कटवाने को कहा है।