बरेली। तारीख निकलने के बाद एलएलबी की छात्रा की फीस जमा न होने पर छात्रों ने सोमवार को बरेली कॉलेज में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा अनिल का घेराव किया और फीस जमा कराने की मांग की।
सोमवार की दोपहर बरेली कॉलेज में प्राचार्य कक्ष में पहुंचे कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि एलएलबी में एडमिशन के बावजूद एक छात्रा की फीस जमा नहीं हो सकी है। छात्रों ने कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा अनिल का घेराव करके उसकी फीस जमा करने की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज ने तिथि निकलने के बावजूद 50 छात्रों की सूची विश्वविद्यालय भेजकर उनकी फीस जमा कराई है। इस छात्रा को लेकर भी विश्वविद्यालय ने कॉलेज की अनुमति लाने को कहा है। मगर विश्वविद्यालय से इस संबंध में कोई निर्देश या पत्र छात्र नहीं दिखा सके। इस पर कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा अनिल ने बताया कि प्राचार्य छुट्टी पर हैं और अब प्रवेश प्रक्रिया भी बंद हो चुकी है। उनके छुट्टी से लौटने पर ही वे संपर्क करें। इसके बाद छात्र दो दिन बाद दोबारा आने की बात कहकर चले गए। प्राचार्य से मिलने वालों में फरहान अली समेत कई छात्र मौजूद थे। वहीं हंगामे की सूचना पर चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. रमेश त्रिपाठी और डॉ. मिन्नी यादव भी वहां पहुंच गए थे।
एडमिशन के गोलमाल की चल रही चर्चा
बताते हैं कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया की गड़बड़ी की चर्चा भी चल रही है। कहा जा रहा है कि प्रवेश प्रक्रिया बंद होने के बावजूद बरेली कॉलेज ने सेटिंग से कुछ एडमिशन कराए हैं। 15 एडमिशन तो ऐसे बताए जा रहे हैं, जिनके मेरिट लिस्ट में नाम भी नहीं हैं।