बरेली। ऑनलाइन खरीदे गए सामान की डिलीवरी करने वाले लड़के अब रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस में नजर नहीं आएंगे। इसके लिए कैंपस में स्मार्ट बॉक्स रखे जाएंगे। कोरियर ब्वॉय इसमें सामान छोड़ देंगे और खरीदार उसे वहीं से निकाल लेगा।
ऑनलाइन खरीदे सामान की डिलीवरी के लिए कोरियर ब्वॉय कैंपस में चक्कर लगाते थे और कई बार क्लास तक पहुंच जाते थे, जिससे पढ़ाई बाधित होती थी। इसको देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन गेट के पास ही डीएसडब्ल्यू ऑफिस में 200 स्मार्ट बॉक्स लगवाएगा। डिलीवरी के दौरान इसमें सामान रखने के बाद संबंधित व्यक्ति के पास मेसेज पहुंच जाएगा। उसमें मिला कोड नंबर डालकर ही बॉक्स से वह सामान निकाला जा सकेगा। साथ ही यह बॉक्स एटीएम से भी लिंक होंगे। अगर कोई व्यक्ति कैश ऑन डिलीवरी पर सामान मंगवाता है तो ऑनलाइन पेमेंट के बाद ही यह बॉक्स खोलकर सामान निकाला जा सकेगा। इस व्यवस्था के बाद डिलीवरी ब्वॉय विश्वविद्यालय में अंदर नहीं जाएगा और पढ़ाई बाधित नहीं होगी।