बरेली। यूएफएम (अनुचित साधन) में फंसे बीपीएड के विद्यार्थियों ने रिजल्ट रुकवाने और खुद को क्लीनचिट देने को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन सुबह से शुरू होकर शाम तक चला। कुलपति कार्यालय में अपनी सुनवाई न होते देख विद्यार्थियों ने कैंपस में हंगामा कर विश्वविद्यालय का मेन गेट बंद कर दिया। नारेबाजी कर कुलपति का पुतला फूंका और कैंपस में वाहनों के आगे भी लेट गए।
मई माह में रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस में हुई परीक्षा के दौरान 21 विद्यार्थियों पर यूएफएम के तहत कार्रवाई की गई है। लगातार दो दिन प्रदर्शन के बाद यह विद्यार्थी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल से मिलने विश्वविद्यालय पहुंच गए। इन लोगों ने कुलपति के सामने सभी विद्यार्थियों पर नकल का आरोप लगाते हुए रिजल्ट रुकवाने की मांग की लेकिन वह इन्कार कर कार्यालय में चले गए। इस पर छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी कर हंगामा शुरू कर दिया तो प्रशासनिक भवन का गेट बंद कर दिया गया। काफी देर तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। इस पर कुलपति उठकर चले गए। इसके बाद विद्यार्थी वहीं धरने पर बैठ गए।
छात्राएं बोलीं- जान का खतरा कैसे बताएं माफिया का नाम
मामला सुलझाने के लिए एबीवीपी के राहुल चौहान और गौरव यादव ने कुलपति से बात कर मामला सुलझाने का प्रयास किया। इस पर तीन छात्राओं को अंदर बुलाकर कुलपति आश्वासन दिया कि उन्हें यूएफएम कमेटी समक्ष अपनी बात रखने को पूरा मौका दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने पूछा कि कॉपी में रोल नंबर, कॉलेज का नाम लिखवाने के पीछे मास्टरमाइंड कौन है लेकिन छात्राओं ने कुछ भी नहीं बताया। फिर वहां से बाहर निकलकर छात्राएं कहने लगीं कि वे लोग माफिया का नाम लेंगी तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
रिजल्ट जारी हुआ तो बढ़ा हंगामा
कुलपति के निर्देश पर शाम करीब चार बजे बीपीएड का रिजल्ट जारी कर दिया गया। यह जानकारी मिलते ही यूएफएम में फंसे छात्र-छात्राओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। वे प्रशासनिक भवन से उठकर हंगामा करते हुए मुख्य गेट पर पहुंच गए और गेट बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। सछास पदाधिकारी गजेंद्र कुर्मी और एनएसयूआई के फैज खान भी उनके समर्थन में आ गए। इसी बीच छात्र-छात्राओं ने कुलपति का पुतला बनाया तो सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा छीन ले गए। इसके बाद दूसरा पुतला बनाकर इधर-उधर भागदौड़ कर फूंक दिया गया।
वाहनों के आगे लेटीं छात्राएं, पुलिस से झड़प
विरोध के बीच भविष्य खराब होने की दुहाई देकर रोती हुई छात्राएं कैंपस में वाहनों के आगे लेट गईं। बारादरी पुलिस ने सख्ती दिखाने की कोशिश की तो छात्राओं और छात्रनेताओं से तीखी बहस हुई। इसके चलते देर शाम तक हंगामा चलता रहा।