बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने चैलेंज मूल्यांकन के लिए आवेदन करने का मौका बढ़ा दिया है। अब 31 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। वर्ष 2019 की मुख्य परीक्षा के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने चैलेंज मूल्यांकन के लिए 10 से 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन का मौका दिया था। अंतिम तिथि के बाद विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को इसकी तिथि 31 जुलाई तक बढ़ा दी है। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन पूर्व मूल्यांकनकर्ताओं के अलावा कुलपति की ओर से नामित दो अन्य मूल्यांकनकर्ताओं से कराया जाएगा। दोनों मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा दिए गए अंक का औसत लिया जाएगा। पूर्व में मिले अंक और चैलेंज मूल्यांकन के दौरान मिले अंक में 15 प्रतिशत से कम अंतर पाया गया तो पहले मिले अंकों में कोई परिवर्तन नहीं होगा। अंतर 15 प्रतिशत से अधिक होने पर पहले मिले अंकों को चैलेंज मूल्यांकन में मिले अंकों के औसत से बदल दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रति प्रश्नपत्र दो हजार रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। नंबर बदलने पर 550 रुपये की कटौती करके शेष धनराशि वापस कर दी जाएगी।