बरेली। एलएलबी की मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी के आरोपों में घिरा बरेली कॉलेज प्रशासन अब विश्वविद्यालय की प्रक्रिया के आधार पर मेरिट में भारांक जोड़ने की बात कह रहा है। मगर प्रतिशत में अंक जोड़कर प्रतिशत बढ़ाने को लेकर कॉलेज के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। ऐसे में प्रॉस्पेक्टस में भारांक के साथ अंक शब्द लिखा होने का बहाना बनाया जा रहा है। मगर इस गड़बड़ी को लेकर न तो विश्वविद्यालय के पास सटीक जवाब है और न ही बरेली कॉलेज के पास।
बरेली कॉलेज ने रविवार को एलएलबी की मेरिट जारी कर सोमवार से एडमिशन शुरू किए। मगर पहले ही दिन एबीवीपी के पदाधिकारियों ने मेरिट में भारांक की गणना प्रक्रिया पर आपत्ति जताकर काउंसलिंग बंद करा दी। मंगलवार को एबीवीपी के पदाधिकारी तो कॉलेज प्रशासन ने मैनेज कर लिए, मगर भारांक को प्रतिशत में जोड़कर मेरिट जारी करने की प्रक्रिया पर स्थिति को बहुत स्पष्ट नहीं कर सके। हालांकि मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन ने विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में इसी तरह बनाई गई मेरिट लिस्ट मीडिया के समक्ष रखी। मगर अंक को प्रतिशत में तब्दील करने की प्रक्रिया का उनके पास भी कोई जवाब नहीं था। अंत में उन्होंने इसे प्रॉस्पेक्टस में मिस प्रिंट करार दिया। कहा, भारांक में अंक नहीं लिखा होना चाहिए था। साथ ही यह भी कहा कि बरेली कॉलेज तो विश्वविद्यालय की प्रक्रिया के आधार पर ही काम कर रहा है।
प्रवेश हुए, मगर अभ्यर्थी बहुत कम पहुंचे
विवाद के बाद मंगलवार को बंद रही एलएलबी की काउंसलिंग बुधवार को फिर शुरू हो गई। सोमवार को 113 छात्र-छात्राएं काउंसलिंग को बुलाए गए थे, जिनमें सोमवार को 64 की काउंसलिंग हुई। इसके बाद मंगलवार को काउंसलिंग बंद रही। बुधवार को यह दोबारा शुरू हुई तो गफलत के चलते सिर्फ 14 अभ्यर्थी ही पहुंचे। इसके चलते 113 छात्र-छात्राओं में अब तक 78 एडमिशन ही हुए हैं। यह संख्या कम रहने के चलते बृहस्पतिवार को भी ओपन कैटेगरी की काउंसलिंग ही होगी।