बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक-परास्नातक कक्षाओं (प्रवेश परीक्षा से एडमिशन वाले पाठ्यक्रम छोड़कर) में प्रवेश लेने से चूके छात्र-छात्राओं के लिए एक और मौका दिया गया। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में 60 हजार से ज्यादा सीटें खाली रहने के चलते यह निर्णय लिया गया है।
अभ्यर्थियों को 21-26 जुलाई तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर 27 जुलाई तक उसका प्रिंट आउट संबंधित महाविद्यालय में जमा करना होगा। इसके बाद महाविद्यालय 31 जुलाई तक फॉर्म ऑनलाइन दर्ज कर उसकी मेरिट तैयार कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस प्रवेश प्रक्रिया में स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएससी कृषि, बीएससी ऑनर्स, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी बायोेटेक्नोलॉजी, बीएससी कंप्यूटर, बीएससी गृह विज्ञान, बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम कंप्यूटर, बीकॉम वित्त, बीकॉम वित्तीय सेवाएं, बी.लिब, विधि त्रिवर्षीय और पंचवर्षीय, परास्नातक स्तर पर एमए, एमकॉम तथा विभिन्न डिप्लोमा कोर्स के लिए आवेदन किया जा सकता है।