बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता पांडेय को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मांग की, जिस प्रकार अन्य कोर्स में गरीब सवर्णों का आरक्षण लागू किया है, उसे बीएड में भी लागू करके सीटें बढ़ाई जाएं। इसके अलावा उन लोगों ने स्नातक-परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन का एक मौका देने की भी मांग रखी ताकि छूटे छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। इसके अलावा उन लोगों ने दो किश्तों में ली जाने वाली हॉस्टल मेस फीस को एक बार में ही लेने का विरोध किया। रजिस्ट्रार ने उनकी बातें सुनकर यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हल्का-फुल्का हंगामा और नारेबाजी भी की। रजिस्ट्रार से मिलने वालों में विभाग संगठन मंत्री राहुल चौहान, कमल गुप्ता, निहार त्यागी, उज्वल ढाका, शिवम वर्मा, राहुल गंगवार आदि मौजूद रहे।