बरेली। काउंसलिंग के दौरान एमएससी बॉटनी/प्लांट साइंस की तीन चौथाई से ज्यादा सीटें खाली रह गई हैं। वहीं बरेली कॉलेज में शनिवार को बीकॉम की सारी सीटें फुल हो गई। साथ ही गर्ल्स कॉलेज में परास्नातक के एडमिशन भी शुरू कर दिए गए हैं। अब तक एडमिशन का आंकड़ा 67,535 पर पहुंच गया है, जिसमें शनिवार को 9261 एडमिशन हुए।
बरेली कॉलेज में शनिवार को फीस जमा करने के साथ ही पहली मेरिट के छात्र-छात्राओं के एडमिशन भी किए गए। इस दौरान बीकॉम में तीन, बीए में आठ, बीएससी बायो में और मैथ में दो-दो एडमिशन हुए। यहां पर अब तक बीए में कुल 566, बीएससी मैथ में 225, बीएससी बायो में 203 और बीकॉम में 418 एडमिशन हो चुके हैं। साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में शनिवार तक बीए में 142, बीकॉम ऑनर्स में पांच एडमिशन हुए हैं। शनिवार को यहां एमए के एडमिशन भी शुरू कर दिए गए। यहां की प्रिंसिपल डॉ. राकेश अरोरा ने बताया कि पहले दिन एमए कला में दो, गृह विज्ञान में छह और अंग्रेजी में एक एडमिशन हुआ। इसके अलावा वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी महिला महाविद्यालय में भी शनिवार को पीजी के एडमिशन शुरू कर दिए गए।
बरेली कॉलेज में वेटिंग लिस्ट के एडमिशन आठ जुलाई को
मेरिट लिस्ट के एडमिशन के बाद शनिवार को पहली वेटिंग लिस्ट भी जारी कर दी गई है। मेरिट इंडेक्स के अनुसार आठ जुलाई को ए ब्लॉक में 848-889, बी ब्लॉक में 890-934, सी ब्लॉक में 935-979 और डी ब्लॉक में 980-1021 रैंक तक के छात्र-छात्राएं एडमिशन लेंगे। इसके अलावा बीएससी मैथ्स में 402-534 और बीएससी बायो में 327-417 रैंक तक के छात्र-छात्राओं को एडमिशन दिया जाएगा। बीकॉम की सारी सीटें भरने के चलते उसकी वेटिंग लिस्ट नहीं जारी की गई है।
विश्वविद्यालय में फिजिक्स की काउंसलिंग शुरू
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 1597 सीटों के लिए शनिवार को फिजिक्स/एप्लाइड फिजिक्स की काउंसलिंग शुरू कर दी है। पहले दिन 1597 सीटों में सिर्फ 223 सीटें ही भरी जा सकीं। वहीं, एमएससी बॉटनी/प्लांट साइंस की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। इसमें 1275 सीटों में सिर्फ 306 सीटों पर ही एडमिशन हुए हैं।