हाफिजगंज। ननिहाल आ रहे चचेरे-तहेरे भाई की बाइक में बरेली-पीलीभीत हाईवे पर तेज गति से आ रही ईको कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पर डाॅक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
थाना हाफिजगंज के गांव ग्रेम निवासी धर्मेंद्र अपने तहेरे भाई अभिषेक के साथ बाइक से हाफिजगंज के गांव सिथरा अपने ननिहाल के लिए निकले थे। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गांव सिथरा के समीप जैसे दोनों पहुंचे। तभी पीछे से नवाबगंज की तरफ से आ रही ईको कार चालक ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवाबगंज उपचार के लिए भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल में डाक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
तीन भाइयों में था मझला
मौत की सूचना पर अभिषेक के पिता पप्पू, मां ओमवती सहित सभी परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। पप्पू ने बताया कि अभिषेक तीन भाइयों में मझला था, जो कि रूद्रपुर में काम करता था। संवाद
बरातघर से आ रहे ग्रामीण को बाइक से लगी टक्कर, मौत
शीशगढ़। बरातघर से खाना खाकर निकल रहे ग्रामीण को बाइक से टक्कर लग गई, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने ग्रामीण को मृत घोषित कर दिया।
कनकपुरी निवासी मृतक के भाई सत्यपाल ने पुलिस को बताया कि उनके भाई 55 वर्षीय राम प्रसाद पुत्र मोहनलाल रविवार शाम सात बजे मानपुर में एक बरात घर से खाना खाकर निकल रहे थे। तभी बहेड़ी की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजन ग्राम मानपुर के एक अस्पताल में लेकर पहुंचे तो अस्पताल में डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बाइक सवार युवक की तलाश शुरू कर दी है। संवाद